45 वर्ष के हुए शाहिद कपूर

मुंबई। बॉलीवुड के जाने-माने अभिनेता शाहिद कपूर आज 45 वर्ष के हो गये। 25 फरवरी 1981 को दिल्ली में जन्में शाहिद कपूर को अभिनय की कला विरासत में मिली।शाहिद कपूर के पिता पंकज कपूर जाने-माने अभिनेता है। शाहिद कपूर ने अपने करियर की शुरूआत विज्ञापन फिल्मों से की। बतौर अभिनेता शाहिद कपूर ने अपने करियर की शुरूआत वर्ष 2003 में प्रदर्शित फिल्म इश्क विश्क से की। फिल्म को टिकट खिड़की पर औसत सफलता मिली। इस फिल्म के लिये शाहिद कपूर फिल्म फेयर की ओर से सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के डेब्यू पुरस्कार से सम्मानित किये गये। इश्क विश्क के बाद शाहिद कपूर ने फिदा, दिल मांगे मोर, दीवाने हुये पागल, वाह लाइफ हो तो ऐसी, शिखर, 36 चाइना टाउन, चुप चुप के’ जैसी कुछ फिल्मों में काम किया लेकिन सभी फिल्में टिकट खिड़की पर ढे़र हो गयी। वर्ष 2006 में शाहिद कपूर को सूरज बड़जात्या की फिल्म ‘विवाह’ में काम करने का अवसर मिला। इस फिल्में में शाहिद कपूर ने संजीदा अभिनय निभाकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। फिल्म टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुयी। इसके साथ हीं शाहिद फिल्म इंडस्ट्री में अपनी खोई हुयी पहचान बनाने में कामयाब हो गये। वर्ष 2007 में प्रदर्शित फिल्म ‘जब वी मेट’ शाहिद कपूर के करियर की उल्लेखनीय फिल्मों में शुमार की जाती है। इम्तियाज अली के निर्देशन में बनी इस फिल्म में शाहिद कपूर और करीना कपूर की जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया। ‘जब वी मेट’ टिकट खिड़की पर सुपरहिट साबित हुयी। इस फिल्म के लिये शाहिद कपूर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार से नामांकित किये गये।
वर्ष 2009 में प्रदर्शित फिल्म कमीने शाहिद कपूर के करियर के लिये एक और महत्वपूर्ण फिल्म साबित हुयी। इस फिल्म में शाहिद कपूर ने दोहरी भूमिका निभाकर दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस फिल्म में प्रियंका चोपड़ा के साथ शाहिद कपूर की जोड़ी दर्शको के बीच काफी सराही गयी। फिल्म में अपने दमदार अभिनय के लिये शाहिद कपूर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार के लिये नामांकित किये गये। वर्ष 2010 से वर्ष 2012 का करियर शाहिद कपूर के लिये बुरा साबित हुआ। इस दौरान शाहिद कपूर ने दिल बोले हडि़प्पा, चांस पे डांस, पाठशाला, बदमाश कंपनी, मिलेंगे मिलेगें, मौसम और तेरी मेरी कहानी जैसी फिल्मों में काम किया लेकिन इनमें से कोई फिल्म टिकट खिड़की पर सफल नही रही हालांकि मौसम में शाहिद कपूर के अभिनय को दर्शको ने अवश्य पसंद किया। वर्ष 2013 में शाहिद कपूर की फटा पोस्टर निकला हीरो और आर.राजकुमार प्रदर्शित हुयी। प्रभुदेवा के निर्देशन में बनी फिल्म ‘आर.राजकुमार’ को टिकट खिड़की पर औसत सफलता मिली है। इस फिल्म में शाहिद कपूर ने अपने जबरदस्त एक्शन दृश्य के जरिये दर्शकों का दिल जीत लिया। शाहिद कपूर की वर्ष 2014 में फिल्म हैदर प्रदर्शित हुयी। विशाल भारद्वाज के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हैदर’ में अपने दमदार अभिनय के लिये शाहिद कपूर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के फिल्म फेयर पुरस्कार से सम्मानित किये गये। वर्ष 2015 में शाहिद ने मीरा राजपूत के साथ शादी कर ली। इसके बाद शाहिद की उड़ता पंजाब, रंगून, पद्मावत, कबीर सिंह, जर्सी, तेरी बातों में ऐसा उलझा जिया और देवा जैसी फिल्में प्रदर्शित हुयी। शाहिद कपूर की हाल ही में फिल्म ‘ओ रोमियो’ प्रदर्शित हुयी है।
